
Bihar Araria Double Murder: बीच सड़क सिर काटकर युवक की हत्या, भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला
बिहार के अररिया जिले में गुरुवार सुबह ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात हुई जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। फारबिसगंज सुभाष चौक के पास बीच सड़क पर एक युवक का सिर धड़ से अलग कर दिया गया, जिसके बाद कुछ ही देर में भीड़ का गुस्सा भड़क उठा और एक और व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जिससे मामला डबल मर्डर में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे मार्केटिंग यार्ड के पास सत्तू बेचने वाले ठेला चालक और पिकअप ड्राइवर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि सत्तू विक्रेता रवि चौहान ने आवेश में आकर धारदार हथियार से पिकअप ड्राइवर अली हुसैन पर हमला कर दिया और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। अली हुसैन, जोगबनी थाना क्षेत्र के अमोना गांव का रहने वाला था।
घटना के बाद सड़क पर खून से लथपथ शव का सिर और धड़ काफी देर तक पड़ा रहा, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।
इसके बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपी रवि चौहान को एक घर में छिपते हुए पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ उसे बाहर खींचकर लाई और सड़क पर लात-घूंसे और डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी भी हत्या कर दी। रवि चौहान की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक रवि चौहान की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है और वह फारबिसगंज के सुल्तान पोखर इलाके का रहने वाला था। घटना के बाद पूरे शहर में तनाव का माहौल बन गया है और कई जगहों पर लोगों के बीच आक्रोश देखने को मिला।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने इलाके को घेरकर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कुछ स्थानों पर आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुई हैं, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले हल्की बहस हुई थी, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई और यह भयावह वारदात हो गई।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि हिंसा के पीछे असली वजह क्या थी और क्या इसमें कोई और लोग भी शामिल थे।






