
ED Raid: अनिल अंबानी और रिलायंस पावर के ठिकानों पर 15 टीमों ने डाली छापेमारी
प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) ने आज उद्योगपति Anil Ambani और Reliance Power Limited से जुड़े कई व्यवसायों और अधिकारिक ठिकानों पर छापेमारी की। मीडिया सूत्रों के अनुसार, मुंबई में 10 से 12 जगहों पर एक साथ यह कार्रवाई की गई। ED की करीब 15 विशेष टीमों ने तड़के सुबह ही रिलायंस पावर से जुड़े दफ्तरों और घरों पर तलाशी शुरू कर दी थी।
सूत्रों के अनुसार यह छापेमारी रिलायंस पावर से जुड़े संदिग्ध फंड ट्रांसफर और लेन-देन की जांच का हिस्सा है। हालांकि, शुक्रवार की इस कार्रवाई पर ED ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
इससे पहले, ED ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (RCom) के बैंक धोखाधड़ी मामले में अनिल अंबानी के पाली हिल स्थित आलीशान घर ‘एबोड’ (Abode) को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। इस संपत्ति की कीमत 3,716.83 करोड़ रुपये आंकी गई थी।
पिछले महीने के अंत में, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भी बैंक ऑफ बड़ौदा की शिकायत पर अनिल अंबानी के आवास और RCom के कार्यालयों की तलाशी ली थी। CBI की FIR के अनुसार, रिलायंस कम्युनिकेशंस ने बैंक ऑफ बड़ौदा को 2,220 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाया है। आरोप है कि कंपनी ने कर्ज के पैसों का गलत इस्तेमाल किया, फर्जी लेन-देन किए और खातों में हेराफेरी कर अनियमितताओं को छिपाने की कोशिश की।
वर्तमान में ED इन ताजा छापों की जांच में जुटा है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।






