
Air India Express Flight Incident : थाईलैंड में लैंडिंग के दौरान फ्लाइट का नोज गियर टूटा, 133 यात्री सुरक्षित
नई दिल्ली/फुकेट, 11 मार्च : थाईलैंड के फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गई। रनवे पर उतरते समय विमान का नोज गियर टूट गया और आगे का पहिया अलग हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार यह फ्लाइट हैदराबाद से थाईलैंड के फुकेट जा रही थी। विमान में कुल 133 लोग सवार थे, जिनमें यात्री, दो बच्चे और सात क्रू सदस्य शामिल थे। घटना बुधवार दोपहर उस समय हुई जब विमान फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर उतर रहा था।
थाई मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विमान अपने निर्धारित समय से पहले ही फुकेट पहुंच गया था। फ्लाइट का निर्धारित लैंडिंग समय सुबह 11:40 बजे था, लेकिन यह लगभग 11:24 बजे ही उतर गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान की लैंडिंग अपेक्षाकृत तेज हुई, जिसकी वजह से उसके आगे वाले लैंडिंग गियर यानी नोज गियर को नुकसान पहुंचा और पहिया टूटकर अलग हो गया।
नोज गियर टूटने के कारण विमान तुरंत रनवे से हट नहीं सका, जिसके चलते एयरपोर्ट प्रशासन को कुछ समय के लिए रनवे बंद करना पड़ा। एयरपोर्ट अधिकारियों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया और विमान को हटाने तथा रनवे की तकनीकी जांच शुरू की गई।
फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रशासन ने जानकारी दी कि एअर इंडिया एक्सप्रेस की यह फ्लाइट AXB938 थी, जो हैदराबाद से फुकेट पहुंची थी। विमान बोइंग 737-800 मॉडल का था और उसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-BWQ बताया गया है।
एअर इंडिया एक्सप्रेस ने भी इस घटना की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया है। एयरलाइन ने कहा कि 11 मार्च को संचालित हैदराबाद से फुकेट जाने वाली उनकी फ्लाइट में लैंडिंग के दौरान नोज व्हील में तकनीकी समस्या सामने आई थी। नोज व्हील विमान के लैंडिंग गियर सिस्टम का एक अहम हिस्सा होता है, जो विमान के सुरक्षित उतरने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
घटना के बाद एयरपोर्ट अधिकारियों और तकनीकी टीम ने मिलकर स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया। सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकालकर एयरपोर्ट टर्मिनल तक पहुंचाया गया।
फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने दोपहर 12:08 बजे से शाम 6 बजे तक रनवे बंद रहने की जानकारी जारी की थी ताकि विमान को सुरक्षित तरीके से हटाया जा सके और रनवे की पूरी तरह जांच की जा सके। इस दौरान एयरपोर्ट प्रशासन ने संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने प्रभावित यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी एयरलाइन से संपर्क कर फ्लाइट की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।






