दिल्ली-एनसीआर

WJI Delh: WJI प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री कपिल मिश्रा से की मुलाकात, पत्रकारों के लिए ‘मीडिया कॉफी होम’ दोबारा शुरू करने की मांग

WJI Delh: WJI प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री कपिल मिश्रा से की मुलाकात, पत्रकारों के लिए ‘मीडिया कॉफी होम’ दोबारा शुरू करने की मांग

नई दिल्ली में पत्रकारों की समस्याओं और सुविधाओं को लेकर वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया (WJI) की दिल्ली प्रदेश इकाई ने दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री Kapil Mishra से मुलाकात कर कई अहम मुद्दे उठाए। प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी के पत्रकारों के लिए आईटीओ स्थित ‘मीडिया कॉफी होम’ को फिर से शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी। इस दौरान पत्रकार सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा और प्रेस क्लब जैसी सुविधाओं पर भी चर्चा की गई।

WJI दिल्ली प्रदेश इकाई के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष संदीप शर्मा ने किया। उनके साथ प्रदेश महासचिव देवेंद्र पंवार, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र भदौरिया, प्रचार मंत्री जगजीत सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि दिल्ली के पत्रकार लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं और सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

बैठक के दौरान WJI ने विशेष रूप से आईटीओ स्थित ‘मीडिया कॉफी होम’ को दोबारा शुरू करने की मांग रखी। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सुविधा पहले भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई थी और दिल्ली सरकार के पर्यटन मंत्रालय के अधीन संचालित होती थी। बाद में इसे बंद कर दिया गया और वर्तमान में वहां किसी अन्य रेस्टोरेंट का संचालन हो रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष संदीप शर्मा ने कहा कि आईटीओ दिल्ली का सबसे बड़ा मीडिया हब माना जाता है, जहां प्रिंट, टीवी और डिजिटल मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकार रोजाना कवरेज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में पत्रकारों के बैठने, काम करने और संवाद करने के लिए एक साझा स्थान की बेहद आवश्यकता है। उनका कहना था कि मीडिया कॉफी होम दोबारा शुरू होने से सैकड़ों पत्रकारों को बड़ी राहत मिलेगी और यह राजधानी के मीडिया कर्मियों के लिए उपयोगी केंद्र साबित होगा।

प्रदेश महासचिव देवेंद्र पंवार के मुताबिक कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि मामले पर संज्ञान लिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया कॉफी होम के प्रस्ताव को लेकर पर्यटन विभाग से रिपोर्ट मंगाई जाएगी और उसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

WJI दिल्ली इकाई ने हाल ही में आईटीओ स्थित मिलाप भवन में बैठक कर पत्रकारों की समस्याओं को सरकार तक मजबूती से पहुंचाने का निर्णय लिया था। संगठन का कहना है कि पत्रकारों के कल्याण और हितों की रक्षा के लिए अलग-अलग प्रकोष्ठ बनाए जाने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है।

संगठन के अनुसार WJI की दिल्ली इकाई राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय उपाध्याय, उपाध्यक्ष संजय सक्सेना और राष्ट्रीय महासचिव नरेन्द्र भंडारी के मार्गदर्शन में लगातार पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दे उठा रही है। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा योजनाओं और मीडिया कर्मियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विस्तार से चर्चा की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button